श्री वैष्णो कला मंच विजयपुर, रियासी ने रामलीला प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थानविजयपुर, रियासी: गढ़ी, उधमपुर स्थित महावीर यूथ कला केंद्र द्वारा आयोजित रामलीला प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में श्री वैष्णो कला मंच, विजयपुर, रियासी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। वहीं, मंच की प्रतिभाशाली कलाकार अंजुषा शर्मा ने माता सीता की भूमिका में उत्कृष्ट अभिनय के लिए महिला कलाकारों की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया।राज्य भर से अनेक रामलीला मंचों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी अभिनय कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान श्री वैष्णो कला मंच द्वारा प्रस्तुत ‘सीता हरण एवं श्रीराम विलाप’ के भावपूर्ण दृश्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और भावनात्मक प्रस्तुति ने खूब वाहवाही बटोरी।यह उपलब्धि मंच के कलाकारों की मेहनत, समर्पण और भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उनकी निष्ठा का प्रतीक है।